[ad_1]

अमर दुबे (Amar Dubey) की शादी 29 जून 2020 को हुई थी और जुलाई 2 की रात को विकरू गांव में उसने विकास दुबे (Vikas Dubey) के साथ मिलकर पुलिस टीम (Police Team) पर हमला किया. जिसमें आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे, जबकि सात अन्य घायल हुए थे.

कानपुर. हमीरपुर (Hamirpur) के मौदहा में यूपी एसटीएफ (UP STF) के साथ मुठभेड़ में ढेर हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे (History Sheeter Vikas Dubey) का करीब अमर दुबे (Amar Dubey) की अभी कुछ दिन पहले ही शादी हुई थी. अमर दुबे की शादी 29 जून 2020 को हुई थी और जुलाई 2 की रात को विकरू गांव में उसने विकास दुबे के साथ मिलकर पुलिस टीम पर हमला किया. जिसमें आठ पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे, जबकि सात अन्य घायल हुए थे. मुठभेड़ में मारे जाने की सूचना पर परिवार में सन्नाटा पसरा है. नई नवेली दुल्हन के हाथों की मेहंदी भी नहीं उतरी और मांग का सिन्दूर मिट गया. उधर दादी का रो-रोकर बुरा हाल है.

न्यूज18 से बातचीत में अमर दुबे की दादी सर्वेश्वरी दुबे ने कहा कि विकास दुबे ने उनके परिवार को बर्बाद कर दिया. दादी ने कहा कि अमर दुबे और अतुल दुबे उससे अलग रहते थे. अभी 29 जून को ही शादी हुई थी. उन्होंने कहा कि वैसे तो अमर दुबे और उसका भाई अतुल दुबे उससे कुछ बताते नहीं थे, लेकिन घर के लाल की मौत पर दुख तो है ही.

25 हजार का इनामी था अमर दुबे

आठ पुलिसवालों की शहादत मामले में फरार चल रहे अमर दुबे पर पुलिस 25 हजार का इनाम घोषित कर रखा था. बताया जा रहा है कि वह विकास दुबे का दाहिना हाथ था और उस रात हुई गोलीबारी में वह भी शामिल था. बुधवार सुबह साढ़े 6 बजे यूपी एसटीएफ ने अमर दुबे को एनकाउंटर में मार गिराया. बताया जा रहा है कि अमर, मौदहा में अपने करीबी रिश्तेदार के घर छिपने जा रहा था. इससे पहले वो फरीदाबाद में छिपा था, लेकिन यूपी एसटीएफ के दबाव में वहां से भागकर मौदहा पहुंचा था. ऐसे में उसका पीछा कर रही एसटीएफ ने जब उसे घेर लिया तो उसने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी फायरिंग में अमर दुबे मारा गया. मुठभेड़ में इंस्पेक्टर मौदहा मनोज शुक्ला और एक एसटीएफ का सिपाही भी गोली लगने से घायल हुए हैं.


Published by:
Amit Tiwari


First printed:
July 8, 2020, 8:41 AM IST



[ad_2]

Source