[ad_1]

गूलरभोज के वार्ड पांच में कमल और मनीष सक्सेना (Manish Saxena) दोनों भाई एक साथ रहते हैं. कमल ने गुस्‍से में आकर मनीष के दो साल के मासूम को जमीन पर पटक दिया था.

देहरादून. इंसान का गुस्सा (Anger) अगर नियंत्रण में न रहे तो बनी बनाई चीजें बिगड़ सकती हैं. साथ ही अनियंत्रित गुस्‍से के कारण कोई भी अनहोनी हो सकती है. ऐसी बातें आपने और हमने अपने बुजुर्गों के मुंह से सुनी होंगी और किताबों में पढ़ी भी होंगी. इसके बावजूद कई दफा हम छोटी-छोटी बातों पर अपना आपा खो बैठते हैं. ऐसे में होनी, अनहोनी में तब्दील हो जाती है. अनियंत्रित गुस्से की ऐसी ही घटना उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर (Udham Singh Nagar) जिले में हुई है, जहां गूलरभोज (Gularbhoj) के वार्ड पांच में रहने वाले बड़े भाई ने छोटे भाई के दो साल के बेटे को गुस्से में जमीन पर पटक दिया. इससे बच्चा बेहोश हो गया और पांच दिन तक अस्पताल में इलाज चलने के बाद भी उसे नहीं बचाया जा सका.

क्या थी पूरी घटना?
गूलरभोज के वार्ड पांच में कमल (Kamal) और मनीष सक्सेना (Manish Saxena) दोनों भाई एक साथ रहते हैं. दोनों भाई टेलरिंग का काम करते हैं. गुरुवार शाम कमल घर लौटा तो छोटे भाई मनीष के बेटे उमंग ने ताऊ से टॉफी दिलाने की जिद की. कमल दो साल के उमंग को गोदी में लेकर दुकान तक गया और टॉफी दिला कर घर ले आया, लेकिन घर आकर मासूम उमंग फिर ताऊ कमल से टॉफी दिलाने की जिद करने लगा, जिस पर ताऊ को गुस्सा आ गया. बच्चे की जिद और ताऊ का गुस्सा इतना बढ़ गया कि ताऊ ने बच्चे को जमीन पर झटक दिया, जिससे बच्चे के सिर पर गंभीर चोटें आ गईं. ऐसे में बच्चा बेहोश हो गया. परिजन मासूम को लेकर अस्पताल गए जहां उसे भर्ती किया गया, लेकिन चार दिन भर्ती रखने के बाद मासूम की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ. डॉक्टरों की सलाह पर परिजन मासूम उमंग को लेकर रविवार शाम बरेली के राममूर्ति अस्पताल जाने लगे, लेकिन बरेली के रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है.

बर्थडे की तैयारियों के बीच पसरा मातमशनिवार को मासूम उमंग का जन्मदिन था. घर में लाडले के जन्मदिन को मनाने की प्लानिंग चल रही थी, लेकिन ताऊ के गुस्से ने सब कुछ छीन लिया. हालांकि, घटना के बाद आरोपी ताऊ को भी अपने गुस्से पर पछतावा हो रहा है. वहीं, बेटे की मौत के बाद भाई-भाई के बीच का रिश्ता ही खटास में पड़ गया है. छोटे भाई मनीष ने बड़े भाई कमल पर बेटे ही हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है. एसएसपी बरिंदर जीत सिंह के मुताबिक पूरे मामले में पुलिस की जांच जारी है.



[ad_2]

Source