[ad_1]

विधायक पन्नालाल सिंह पटेल (MLA Pannalal Singh Patel) से न्यूज 18 की टीम ने पूछा तो उन्होंने कहा कि ड्राइवर और खलासी को इसलिए रखा गया है ताकि वह भाग न जाए.

पटना. बिहार में सत्तारूढ़ दल जनता दल यूनाइेटड (JDU) के विधायक की के आवास पर एक ट्रक ड्राइवर की बर्बरता से पिटाई का मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि बुधवार की रात पटना के गांधी मैदान थाना क्षेत्र के चिरैयाटांड़ पुल पर झारखंड से पटना गिट्टी लेकर आ रहे ट्रक और खगड़िया के बेलदौर से विधायक पन्नालाल सिंह पटेल (MLA Pannalal Singh Patel) की गाड़ी में टक्कर हो गई. टक्कर होने के बाद विधायक के लोग आग बबूला हो गए और उन्होंने न केवल ट्रक ड्राइवर और खलासी को बंधक बना लिया बल्कि ट्रक को भी जबरन विधायक आवास लेते चले आए. आरोप है कि  लाने के बाद ट्रक ड्राइवर की बंद कमरे में बर्बरता पूर्वक पिटाई की गई.

पुलिस ने नहीं की कोई कार्रवाई
मामले में ये जानकारी भी सामने आई है कि बुधवार की रात थी मौके पर पुलिस भी पहुंची थी, लेकिन कोतवाली थाना के दरोगा ने कोई कार्रवाई नहीं की. दूसरे दिन यानि गुरुवार को जब ट्रक मालिक झारखंड से पटना पहुंचा तब एक बार फिर से कोतवाली थाने की पुलिस विधायक पन्नालाल सिंह पटेल के आवास पर पहुंची. विधायक ने स्वीकार किया कि ट्रक ड्राइवर और खलासी को उनके आवास पर रखा गया है. हैरानी की बात तो यह है की ट्रक ड्राइवर और खलासी को एक कमरे में बंद रखा गया था. यही नहीं विधायक के लोगों ने उनकी पिटाई भी की थी. ड्राइवर के शरीर पर कई जगह जख्म उभर कर सामने आए हैं.

जेडीयू विधायक ने मानी बंधक बनाने की बातइस बाबत जब विधायक पन्नालाल सिंह पटेल से न्यूज 18 की टीम ने पूछा तब उन्होंने कहा कि ड्राइवर और खलासी को इसलिए रखा गया है ताकि वह भाग ना जाए. अब  इस पूरे मामले को लेकर राजनीति भी शुरू हो गई है राष्ट्रीय जनता दल ने इसे सत्तारूढ़ दल के विधायक की गुंडागर्दी करार दिया है. राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा है कि पार्टी इस पूरे मामले को प्रमुखता से उठाएगी ताकि गरीब ड्राइवर और खलासी को न्याय मिल सके. उधर पूर्व सांसद पप्पू यादव ने इस पूरे मामले में आरोप लगाया है कि पन्ना लाल सिंह पटेल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चहेते हैं. विधायक की सदस्यता तत्काल खत्म कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए.



[ad_2]

Source