[ad_1]

उज्जैन टोला निवासी मंजू देवी पर गांव के ही रहने वाले नंद किशोर सिंह उर्फ बूटी सिंह, निर्मल सिंह और धीरज सिंह ने मामूली विवाद में लाठी-डंडे से हमला बोल दिया. गंभीर रूप से जख्मी मंजू देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया

आरा. बिहार (Bihar) के भोजपुर जिले (Bhojpur District) में शनिवार देर शाम एक महिला की लाठी-डंडे से पीट-पीट (Mob Lynching) कर हत्या (Murder) कर दी गई. घटना के पीछे मामूली विवाद बताया जा रहा है. हत्या का आरोप गांव के ही रहने वाले एक व्यक्ति और उसके दो बेटों पर लगा है. वारदात की सूचना मिलने पर उदवंतनगर पुलिस मौके पर पहुंची और उसने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों के नाम नंद किशोर सिंह, निर्मल सिंह और धीरज सिंह बताया जा रहा है.

मिली जानकारी के मुताबिक उदवंतनगर थाना क्षेत्र के उज्जैन टोला निवासी त्रिभुवन सिंह की पचास वर्षीय पत्नी मंजू देवी को गांव के ही नंद किशोर सिंह उर्फ बूटी सिंह, निर्मल सिंह और धीरज सिंह ने मामूली विवाद में लाठी-डंडे से पीट पीट कर मार डाला. गंभीर रूप से जख्मी मंजू देवी को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

मृतक महिला के बेटे के साथ गाली-गलौच और प्रताड़ित करते थे आरोपी

मृतक महिला के इकलौते बेटे जिंकू कुमार ने बताया कि काफी दिनों से नंद किशोर सिंह और उसके बेटे निर्मल सिंह और धीरज सिंह उसके साथ गाली-गलौज और प्रताड़ित कर रहे थे. जिंकू के मुताबिक शनिवार देर शाम भी तीनों आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की. बाद में जब वो अपने घर आया तो यहां भी तीनों उसके दरवाजे पर आ धमके और गाली-गलौज करने लगे. इसका उसने विरोध किया तो आरोपी बाप-बेटों ने उसकी पिटाई कर दी. यह देख जिंकू की मां बीच-बचाव के लिए दौड़ी तो आरोपी लाठी-डंडा ले कर उन पर टूट पड़े.जिंकू ने बताया कि नंद किशोर सिंह और उसके दोनों बेटे अपराधी प्रवृत्ति के हैं. उनके ऊपर लूट, धोखाधड़ी, रंगदारी सहित कई मामले स्थानीय थाने और झारखंड के कई थाने में दर्ज हैं. वारदात की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी पिता और उसके दोनों बेटों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल में भिजवा दिया है.



[ad_2]

Source