[ad_1]

24 जुलाई की रात तीन युवकों ने पहले छात्रसंघ अध्यक्ष से मारपीट की और फिर फायर करते हुए फरार हो गए थे.

हल्द्वानी के एमबी पीजी कॉलेज के छात्र संघ अध्यक्ष पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों में से एक की गिरफ्तारी कर ली है. 24 जुलाई की रात तीन युवकों ने पहले छात्रसंघ अध्यक्ष से मारपीट की और फिर फायर करते हुए फरार हो गए थे. घटना में बुरी तरह से घायल छात्र संघ अध्यक्ष राहुल धामी की शिकायत पर तीन युवकों के खिलाफ़ जानलेवा हमला करने का मुकदमा दर्ज कराया गया था. इनमें से एक आरोपी की गिरफ्तारी की गई है जिसका नाम शुभम कांडपाल है. पुलिस ने गिरफ्तार शुभम के पास से एक लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद की है.

दो अब भी फरार

पुलिस ने छात्र संघ अध्यक्ष के साथ हुई वारदात के मामले में तीन लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की है जिसमें से मुख्य आरोपी शुभम कांडपाल की गिरफ्तारी हो चुकी है. उसके साथी ललित बिष्ट और राजा पंत की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है. लेकिन वह अब तक फ़रार हैं.

कोतवाली के अधीन आने वाली भोटिया पड़ाव चौकी के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा-323, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. ​

चार राउंड फायर

पुलिस के अनुसार तीनों युवकों ने पहले छात्र संघ अध्यक्ष राहुल धामी को घेरकर पीटा और फिर मरा हुआ मानकर घटनास्थल से फरार हो गए. आरोप है कि इस दौरान युवकों ने चार राउंड की हवाई फायर भी किए थे. घटना भोटियापड़ाव पुलिस चौकी से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई. लेकिन हैरानी की बात ये है कि पुलिस को इसकी सूचना तब लगी जब राहुल ने इसकी सूचना पुलिस को दी. ऐसे में कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं.

पुलिस के मुताबिक शुभम ने जिस पिस्टल से फायरिंग की है वो लाइसेंसी है. लाइसेंसी हथियार का बेजा इस्तेमाल नहीं किया जा सकता, इसलिए पुलिस उसके पिस्टल लाइसेंस को रद्द करने की कार्रवाई कर रही है.



[ad_2]

Source