[ad_1]

भूटान (Bhutan) से किशनगंज होते हुए दरभंगा स्थित नेशनल पावर ग्रिड (Darbhanga Power Grid) में बिजली पहुंचती है. यहां से 220 केवी के करीब 6 ग्रिड को बिजली आपूर्ति की जाती है.

दरभंगा. बहादुरपुर प्रखंड के देकुली गांव में स्थित नेशनल पावर ग्रिड ( Power Grid) बाढ़ के पानी में पूरी तरह डूब गया है. इसकी वजह से बिहार के करीब 12 जिलों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है. यहां इंजीनियर समेत दूसरे कर्मचारी युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं,  लेकिन कहा जा रहा है कि अगले कुछ महीनों में ही ग्रिड की मरम्मत का काम पूरा हो पाएगा. बता दें कि दरभंगा-मोतिहारी ट्रांसमिशन कंपनी (Darbhanga-Motihari Transmission Company) नाम से इस ग्रिड का संचालन होता है.

गौरतलब है कि भूटान से किशनगंज होते हुए दरभंगा पावर ग्रिड में बिजली पहुंचती है. यहां से 220 केवी के करीब 6 ग्रिड को बिजली आपूर्ति की जाती है. ग्रिड में पानी भर जाने से दरभंगा, मुजफ्फरपुर, लोकही, मोतीपुर व समस्तीपुर पावर ग्रिड में 400 केवीए की पावर सप्लाई पूरी तरह ठप हो गयी है. इससे दरभंगा, पूर्वी चंपारण, सारण, सीवान, पश्चिमी चंपारण, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सीतामढ़ी, शिवहर व मधुबनी जिलों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी है.

मिली जानकारी के अनुसार बीते 22 जुलाई से पावर ग्रिड में पानी घुसना शुरू हो गया था. फिलहाल  अधिकतर मशीन पानी में डूब चुकी हैं. तकनीकी जानकारों के अनुसार पानी उतर जाने के बाद भी ग्रिड को री-स्टोर करने में कम से कम तीन महीने का समय लग सकता है. सामान्य दिनों में यहां से 960 मेगावाट बिजली की सप्लाई की जाती है.



[ad_2]

Source