[ad_1]

अमर सिंह (Amar Singh) की मौत की अफवाहें पिछले 6 महीने में बीमार रहने के दौरान कई बार उड़ चुकी थीं. इन्हीं को खारिज करते हुए उन्होंने एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसे एक्टर और नेता जयाप्रदा (Jaya Prada) के ट्विटर (Twitter) अकाउंट से ट्वीट किया गया था.

नई दिल्ली. राज्‍यसभा सांसद अमर सिंह का निधन हो गया है. वह लगभग 6 महीने से बीमार चल रहे थे. सिंगापुर में इलाज के दौरान अमर सिंह शनिवार दोपहर जिंदगी की जंग हार गए. अमर सिंह पिछले 7 महीने से सिंगापुर के माउंट एलिजाबेथ अस्पताल में भर्ती थे. अंतिम वक्‍त में उनके साथ केवल उनकी पत्नी थीं. अमर सिंह के सियासी सफर में ऊपर चढ़ने और नीचे गिरने की कहानी दो दशकों के दौरान लिखी गई. एक दौर में वो समाजवादी पार्टी के सबसे असरदार नेता थे, उनकी तूती बोलती थी लेकिन हाशिए पर भी डाले जाते रहे. समाजवादी पार्टी की कमान अखिलेश के हाथों में जाने के बाद उन्हें सपा से किनारा करना पड़ा था.

अमर सिंह की मौत की अफवाहें पिछले 6 महीने में बीमार रहने के दौरान कई बार उड़ चुकी थीं. इन्हीं को खारिज करते हुए उन्होंने एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसे एक्टर और नेता जयाप्रदा के अकाउंट से ट्वीट किया गया था. अमर सिंह ने 2 मार्च को अपने आखिरी वीडियो में फिर से राजनीति में पूरी ताकत से लौटकर आने की बात कही थी.

‘हमारा दिमाग 10 साल के बच्चे से ज्यादा उर्वर है’
अमर सिंह को वीडियो में शुद्ध हिंदी में कहते सुना जा सकता है- “लखनऊ से मैं अमर सिंह बोल रहा हूं. व्याधि से त्रस्त हूं लेकिन संत्रस्त नहीं. हिम्मत बाकी है, जोश बाकी है. होश भी बाकी है. हमारे शुभचिंतक और मित्र यह अफवाह बहुत तेजी से फैला रहे हैं कि यमराज ने मुझे अपने पास बुला लिया है. ऐसा बिल्कुल नहीं है, मेरा इलाज चल रहा है और मां भगवती की इच्छा हुई तो अपनी शल्य चिकित्सा के उपरांत शीघ्रातिशीघ्र पूरी ताकत से मैं वापस आऊंगा. और आप लोगों के बीच में सदैव की भांति, जैसा हूं, जो हूं, आपका हूं, अच्छा हूं तो, बुरा हूं तो, अपनी चिर-परिचित शैली, प्रथा और परंपरा के अनुकूल जैसे अब तक जीवन जिया है, आगे भी जियूंगा.और हां हमारे तमाम मित्र जो हमारी मित्र की कामना कर रहे हैं, वो ये कामना छोड़ दें. हरदम मृत्यु हमारे द्वार पर खटखटाती है. एक बार हवाई जहाज से गिर गया था, तो भी यमराज ने स्वीकार नहीं किया, झांसी में. 10 साल पहले भी गुर्दे का प्रत्यारोपण हुआ, तो भी लौटकर आ गया. 12-13 दिन तक मिडिल ईस्ट में वेंटिलेटर पर रहकर मौत से लड़कर आ गया.”

यह भी पढ़ें: राज्‍यसभा सांसद अमर सिंह का निधन, छह महीने से थे बीमार

अमर सिंह ने आगे कहा था, “उन तमाम अवसरों के मुकाबले अबकी बार तो बिल्कुल स्वस्थ हूं, बिल्कुल सचेतन हूं और हमारे डॉक्टर कहते हैं कि हमारा मस्तिष्क किसी 10 साल के बच्चे से भी ज्यादा उर्वरक है. फिर भी अपने सारे शुभेच्छुओं, जो हमारी मृत्यु की खबर बुरी तरह से फैला रहे हैं, प्रसारित कर रहे हैं, उन्हें कोटि-कोटि धन्यवाद.”



[ad_2]

Source