[ad_1]

पटना. 14 जून… यही वो तारीख थी जिस दिन भारतीय सिनेमा जगत के नामचीन अभिनेता और बिहार के सपूत सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) की मौत की खबर आई. महज 34 साल की उम्र में अचनाक उनकी मौत की खबर से उनके सममर्थकों को बड़ा सदमा लगा और पूरा बिहार शोक की लहर में डूब गया. इसके साथ ही सुशांत सिंह की मौत को लेकर कई तरह की बातें सामने आने लगीं. शुरू में इसे सुसाइड (Suicide) कहा गया, लेकिन बाद में इसके कई पहलू निकलकर सामने आने लगे. कभी इसे मुंबई फिल्मी दुनिया में नेपोटिज्म (Nepotism) यानी भाई भतीजावाद का शिकार कहा गया तो कभी इसे बॉलीवुड नेक्सस (Bollywood nexus) की उच्च स्तरीय साजिश कहा गया. कई नामचीन अभिनेताओं और राजनेताओं ने इस मामले की जांच सीबीआई (CBI) से करवाने की मांग रखी. इस डेथ मिस्ट्री के एक महीने बीत गए हैं पर इस मामले में अब तक कुछ खास सामने नहीं आया है.

इसको लेकर बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav), जन अधिकार पार्टी के नेता व पूर्व सांसद पप्पू यादव (Pappu Yadav) और अभिनेता शेखर सुमन (Shekhar Suman) ने सुशांत सिंह की मौत की जांच सीबीआई से करवाने की कई बार मांग की है, पर इस पर भी कोई फैसला नहीं लिया गया है. अब जब इस डेथ मिस्ट्री के एक महीने हो गए हैं तो शेखर सुमन ने एक बार फिर इस मामले में अपनी आवाज उठाई है.

शेखर सुमन ने इस मामले में लोगों की चुप्पी पर भी सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने इंडियन फिल्म इंडस्ट्री पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया, फिल्म इंडस्ट्री के लोग चुप क्यों हैं, ये जो निशब्द बैठे हैं, ये सब कौन हैं? सिर्फ इसलिए कि जो चला गया वो आपका सगा नहीं था आपका भाई या बेटा नहीं था. सुशांत के लिए आगे बढ़ें, आवाज उठाएं. यूं डर के ना बैठें, उसे न्याय दिलाएं.

शेखर सुमन ने एक और ट्वीट में लिखा, हमारा फोकस केवल सुशांत है. कोई भी खबर या मुद्दा हमें रास्ते से नहीं भटका सकता है. हमारी मेहनत सुशांत को न्याय दिलाएगी और इस मामले की सीबीआई जांच होगी.

सुशांत की मौत के एक महीने पूरे होने पर शेखर सुमन ने एक और ट्वीट में लोगों से लाइट जलाकर सुशांत के लिए प्रार्थना करने के लिए कहा. उन्होंने ट्वीट किया, 14 जुलाई के दिन दिया, कैंडिल जलाकर सुशांत सिंह राजपूत के लिए प्रार्थना करिए. सुशांत ने हमारे समाज को सकारात्मकता से भर दिया था, वो हमारे दिलों में हमेशा जिंदा रहेंगे.

बता दें कि बिहार में सुशांत सिंह राजपूत मामले में सीबीआई जांच की मांग और अभिनेता सलमान खान, करण जौहर, एकता कपूर समेत कई फिल्मकारों पर सुशांत सिंह मामले में साजिश का आरोप लगाते हुए बिहार के कई अदालतों में केस भी किया गया था. हालांकि मुजफ्फरपुर सीएजेएम कोर्ट ने याचिका खारिज कर दी है, जबकि वैशाली और पटना की अदालतों में अभी सुनवाई बाकी है.



[ad_2]

Source