[ad_1]

कानपुर (Kanpur) के बिकरू गांव में गैंगस्टर विकास दुबे (Vikas Dubey) द्वारा आठ पुलिसवालों की हत्‍या के बाद योगी सरकार (Yogi Government) ने सख्‍त रुख अपना लिया है. यही वजह है कि पिछले कुछ दिनों में सरकार ने 88 अपराधियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई करते हुए 26 करोड़ की संपत्ति जब्त की है.

लखनऊ. उत्‍तर प्रदेश के कानपुर (Kanpur) के बिकरू कांड के बाद अपराधियों (Criminals) के खिलाफ सख्त कार्रवाई के अभियान के तहत पिछले कुछ दिनों में 88 अपराधियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की गई और गैंगस्टर कानून से जुड़े विवादों में 26 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की गई. उत्‍तर प्रदेश के गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी (Avnish Kumar Awasthi) ने बताया कि राज्य सरकार पूरे प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही है. इसके तहत पिछले एक हफ्ते के दौरान 67 मामलों में 88 व्यक्तियों पर रासुका की तामील की गई है.

120 मामलों में लगी रासुका
अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि उत्‍तर प्रदेश में इस साल अब तक गोकशी के 63, बालिकाओं से संबंधित 3, गंभीर अपराध के 13 और 32 अन्य मामलों समेत कुल 120 मामलों में रासुका की कार्रवाई की गई है. जबकि पिछले एक सप्ताह के दौरान गैंगस्टर मामलों में भी प्रभावी कार्रवाई की गई है. इस दौरान विभिन्न जनपदों के जिलाधिकारियों ने गैंगस्टर कानून के तहत कुल 197 मामले अनुमोदित किए हैं.

26 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्तअवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि इस साल एक जनवरी से अब तक गैंगस्टर कानून के तहत 1889 मामले हो चुके हैं. गैंगस्टर वादों में इस सप्ताह कुल मिलाकर 26 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है. साथ ही कहा कि प्रदेश में पिछले एक सप्ताह के दौरान मास्क नहीं पहनने वालों से छह करोड़ 52 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया है. इसके साथ-साथ धारा 188 के अंतर्गत प्रभावी कार्रवाई की गई है. जबकि इस सप्ताह 64340 मामलों में मुकदमे दर्ज किए गए हैं.

गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई जारी :नोएडा पुलिस
जनपद गौतमबुद्ध नगर में पुलिस ने अपराध के रास्ते अकूत संपत्ति इकट्ठा करने वाले बदमाशों के खिलाफ लगातार तीसरे दिन कार्रवाई जारी रखी और चार बदमाशों की दो करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की. पुलिस ने चार बदमाशों की गाड़ियां व जमीन कुर्क कर नोटिस चस्पा कर दिया है. पुलिस का दावा है यह कार्रवाई आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी. पुलिस ने शनिवार से गैंगस्टरो की संपत्ति कुर्क करने का अभियान चला रखा है. डीसीपी ग्रेटर नोएडा राजेश कुमार सिंह ने बताया कि कुख्यात गैंगस्टर सुंदर भाटी गैंग के सक्रिय सदस्य सिंहराज के दनकौर के बिलासपुर में स्थित दो प्लॉट व एक कैंटर जब्त किए गए, जिनकी कीमत 62 लाख रुपये है. इसके अलावा बदमाश सतवीर बंसल की पांच गाड़ियां जब्त की गई जिनकी कीमत 60 लाख रुपये है. उन्होंने बताया कि गैंगस्टर सुमित भाटी की चार गाड़ी जब्त की गई जबकि सुंदर भाटी की एक गाड़ी जब्त की गई. कुल दो करोड़ रुपये की संपत्ति पुलिस ने जब्त की है.

जबकि पुलिस आयुक्त आलोक सिंह ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात गैंगस्टर सुंदर भाटी तथा सतवीर बंसल उर्फ सतवीर बैंसला के ऊपर लूट, हत्या, वसूली, हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम, गिरोह बंद अधिनियम आदि के लगभग 40 मुकदमे दर्ज हैं. यह एक संगठित गैंग है.


Published by:
Ajay Raj


First revealed:
July 7, 2020, 6:04 PM IST



[ad_2]

Source