[ad_1]

गाजियाबाद (Ghaziabad) के विजयनगर इलाके में कुछ अज्ञात बदमाशों ने पत्रकार विक्रम जोशी पर सोमवार शाम हमला किया था. विक्रम जोशी अपनी दो बेटियों के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे.

गाजियाबाद/लखनऊ. दिल्ली से सटे यूपी के गाजियाबाद (Ghaziabad) में स्थित विजयनगर इलाके में कुछ अज्ञात बदमाशों ने सोमवार रात पत्रकार विक्रम जोशी को गोली मार दी. इस घटना के बाद कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने ट्वीट कर यूपी सरकार पर निशाना साधा है. प्रियंका गांधी वाड्रा ने लिखा, ‘गाजियाबाद NCR में है. यहां कानून व्यवस्था का ये आलम है तो आप पूरे यूपी में कानून व्यवस्था के हाल का अंदाजा लगा लीजिए. एक पत्रकार को इसलिए गोली मार दी गई क्योंकि उन्होंने भांजी के साथ छेड़छाड़ की तहरीर पुलिस में दी थी. इस जंगलराज में कोई भी आमजन खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेगा?’ इससे पहले प्रियंका ने बुलंदशहर के शहीद इंस्पेक्टर की पत्नी का वीडियो ट्वीट करते हुए लिखा है कि बीजेपी ने एक आरोपी को अपना पदाधिकारी बना दिया. इससे अपराधियों का मनोबल बढ़ेगा.

बेटियों के सामने बदमाशों ने मारी पत्रकार को गोली

गाजियाबाद के विजयनगर इलाके में कुछ अज्ञात बदमाशों ने पत्रकार विक्रम जोशी पर सोमवार शाम हमला किया था. विक्रम जोशी अपनी दो बेटियों के साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे. तभी बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और गोली मारी. इस मामले में अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं. इसके साथ ही बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के एसएसपी कलानिधि नैथानी ने पुलिस की 6 टीमें लगाई हैं. इसके साथ ही प्रताप विहार के चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया गया है. पत्रकार जिंदगी और मौत से अस्पताल में लड़ रहा है.

बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले भी विक्रम जोशी ने थाना विजय नगर में एक तहरीर दी थी, जिसमें उन्होंने बताया था कि कुछ लड़के उनकी रिश्तेदार के साथ छेड़खानी करते हैं. इसका उन्होंने विरोध भी किया था, तहरीर देने से नाराज बदमाशों ने विक्रम को गोली मार दी. विक्रम के सिर में गोली लगी है वह गंभीर हालत में यशोदा अस्पताल में जिंदगी और मौत से लड़ रहा है.



[ad_2]

Source