[ad_1]

अखिलेश यादव ने कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति तो भाजपा सरकार में शुरू से ही बिगड़ी रही है. भाजपा सरकार भ्रम, संशय और दिशाहीनता की शिकार है. कानून-व्यवस्था हो या कोरोना महामारी, स्थितियां उसके नियंत्रण में नहीं रह गईं हैं.

लखनऊ. समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने प्रदेश की वर्तमान योगी आदित्यनाथ सरकार (Yogi Government) को हर मोर्चे पर फेल सरकार ठहराते हुए आज जमकर निशाना साधा है. उन्होंने योगी सरकार को भ्रम, संशय और दिशाहीनता की शिकार करार देते हुए कहा कि कोविड-19 महामारी (Coronavirus Pandemic) के कारण पैदा हालात अब सरकार के काबू से बाहर हो गये हैं.

स्थितियां नियंत्रण में नहीं !
अखिलेश यादव ने यहां एक बयान में कहा कि ‘उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार भ्रम, संशय और दिशाहीनता की शिकार है. कानून-व्यवस्था हो या कोरोना महामारी, स्थितियां उसके नियंत्रण में नहीं रह गईं हैं. प्रशासनिक मशीनरी अंधेरे में हाथ-पांव मार रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आश्वसनों के अम्बार लग गए हैं, मगर उन पर अमल से सभी बच रहे हैं.’ उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस का संकट घटने के बजाय बढ़ता ही जा रहा है और दो दिन के लॉकडाउन का भी कोई खास असर नहीं दिखाई दे रहा है. उन्होंने कहा कि संक्रमण और मौतों की बढ़ती संख्या चिन्ताजनक है. अस्पतालों में कोविड-19 संक्रमित मरीजों को तमाम दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है.

बाढ़ ने भी लोगों कि बढ़ाई मुश्किलें
सपा अध्यक्ष ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में आयी बाढ़ का जिक्र करते हुए कहा, ‘सैलाब से हालात गम्भीर हैं. विभिन्न जिलों में भारी वर्षा से जनजीवन अस्त-व्यस्त है. कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बहने लगी हैं जिससे गांवों में कटान शुरू हो गई है. जलभराव के कारण सामान्य जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है. कई जगह लोग गांवों में अपने मकानों की छतों पर बैठे हुए हैं. उन्हें कोई राहत भी नहीं पहुंच पाई है.’

ये भी पढ़ें- विधायक विजय मिश्रा ने गुंडा एक्ट की कार्रवाई को बताया विरोधियों की साजिश, जानिए पूरा मामला

कानून व्यवस्था पहले ही बिगड़ी
अखिलेश यादव ने कहा कि कानून व्यवस्था की स्थिति तो भाजपा सरकार में शुरू से ही बिगड़ी रही है. उन्होंने दावा किया कि आए दिन हत्या, लूटपाट, बलात्कार और अपहरण की घटनाएं होती रहती हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा राज में पत्रकार भी पुलिस के दुर्व्यवहार के शिकार बनाए जा रहे हैं और उनके कर्तव्य पालन को भी पुलिस अपराध मानती है.



[ad_2]

Source