[ad_1]

जेडीयू एमएलसी खालिद अनवर (Khalid Anwar) ने कहा है कि गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) के बयानों से बिहार (Bihar) का माहौल खराब हो सकता है.

पटना. बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Assembly Election) को देखते हुए सूबे में राजनैतिक दलों के बीच सियासी रस्‍साकसी शुरू हो गई है. दिलचस्‍प बात यह है कि यह रस्‍साकसी विपक्षी दलों से ज्‍यादा सरकार में साझेदार बने राजनैतिक दलों की के बीच चल रही है. इसकी एक बानगी बीजेपी नेता गिरिराज सिंह के एक बयान के बाद देखने को मिली है. दरअसल, अपने बयानों से सुर्खियों में रहने वाले गि‍रिराज सिंह ने कहा था कि जनसंख्या वृद्धि हमारे देश के लिए बड़ी चुनौती बन गई है. अगर, हमें विकसित राष्ट्र बनना है, तो जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाना होगा. बस यही बयान बिहार सरकार में बीजेपी की सहयोगी पार्टी जेडीयू को चुभ गया. गिरराज सिंह के इस बयान को लेकर जेडीयू के नेता खुलकर गिरिराज सिंह के सामने आ गए.

जेडीयू के एमएलसी खालिद अनवर ने यहां तक कह दिया कि गिरिराज सिंह नॉन सीरियस बयान देते हैं, उनके बयान का कोई मतलब नहीं है. इस तरह के बयान देकर गिरिराज सिंह को समाज का माहौल खराब नहीं करना चाहिए. खालिद अनवर का कहना है कि इस वक़्त देश कोरोना महामारी से लड़ रहा है. ऐसे वक़्त में जनसंख्या नियंत्रण जैसा मुद्दा उठा तो माहौल को खराब हो सकता है. उल्‍लेखनीय है कि इसी साल बिहार में चुनाव होने वाले हैं. इसके पहले भी गिरिराज सिंह चुनाव के समय अपने तीखे बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं. वह पहले भी जनसंख्या नियंत्रण को लेकर लगातार बयान देते आए हैं. गिरिराज सिंह के इस बयान के बाद जेडीयू के सुर तल्‍ख होने के बाद अब विरोधी दलों ने भी मोर्चा खोल दिया है.
आरएसएस का एजेंडा उठाते रहे हैं गिरिराज
राजद के विधायक शक्ति सिंह ने सवाल खड़ा करते हुए कहा है कि चुनाव के समय जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने की मांग उठा कर गिरिराज सिंह क्या संदेश देना चाहते हैं? केंद्र में उनकी सरकार है, तो मांग किससे कर रहे हैं. गिरिराज सिंह जैसे नेता मीडिया की सुर्खियों में रहने के लिए ऐसे बयान देते हैं, जिससे माहौल खराब हो. वहीं, कांग्रेस विधायक प्रेमचंद्र मिश्रा का कहना है कि गिरिराज सिंह लंबे समय तक चुप्पी साधे हुए थे. जनता उनसे ये अपेक्षा कर रही थी कि कोरोना महामारी से जीतने का कोई मंत्र देंगे, लेकिन वे तो ऐसे मुद्दे को उठा बैठे हैं, जिससे माहौल ख़राब हो जाए. गलती उनकी नहीं है, आरएसएस का एजेंडा गिरिराज सिंह जैसे नेता ही उठाते रहे हैंगिरिराज के पक्ष में आए ये नेता
बिहार बीजेपी के नेता गिरिराज सिंह के समर्थन में खड़े नज़र आ रहे हैं. बीजेपी विधायक नितिन नवीन कहते हैं कि जनसंख्या नियंत्रण क़ानून हर हाल में लागू होना चाहिए. यह मांग समय-समय पर बीजेपी के बड़े नेता देते रहे हैं. जो लोग इस कानून का विरोध कर रहे हैं, वो देश को नुकसान पहुंचाना चाहते हैं. जाहिर सी बात है कि लोकसभा चुनाव के वक़्त भी गिरिराज सिंह के दिए कुछ बयानों ने जेडीयू को नाराज कर दिया था. तब बीजेपी आलाकमान के निर्देश के बाद गिरिराज चुप हुए थे.  एक बार फिर, जब जेडीयू मुस्लिम वोटर पर नज़र गड़ाए हुए है, गिरिराज सिंह के बयान से जेडीयू को दिक्‍कत हो सकती है.



[ad_2]

Source