[ad_1]

नालंदा में युवक से मारपीट की घटना के बाद मामले की जांच करने पहुंचे एएसपी अजय कुमार ने बताया कि जांच रिपोर्ट एसपी को सौंपी जाएगी, उसके बाद ही दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ एक्शन लिया जाएगा.

नालंदा. बिहार के नालंदा में पुलिस का बेखौफ चेहरा देखने को मिला है. मामला जिले के हरनौत थाना से जुड़ा है जहां एक शख्स की मास्क न लगाने पर बेरहमी से पिटाई की गई. पीड़ित हरनौत प्रखंड प्रमुख का देवर है. प्रखंड प्रमुख उसकी भाभी है, जो अभी कोरोना पॉजिटिव (COVID-19 Positive) होने की वजह से होम-क्वारंटाइन है. ट्रेनी अफसरों द्वारा बर्बरतापूर्ण पिटाई के बाद प्रखंड प्रमुख ने एसपी से फोन पर कार्रवाई करने की मांग की है.

घटना के बारे में बताया गया कि पीड़ित युवक अपनी भाभी के लिए दवा लाने बाइक से हरनौत बाजार जा रहा था. हरनौत बाजार में पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान हरनौत थाना में पदस्थापित ट्रेनी दारोगा समेत दो अन्य दारोगा ने उसके साथ बर्बर तरीके से पिटाई की. जब पीड़ित ने इसका विरोध किया तो उसकी बाइक को थाना ले आया गया और वहां भी उसकी जमकर पिटाई की गई. लगातार मार-पीट से पीड़ित के शरीर पर कई जगह पिटाई के निशान साफ दिख रहे हैं.

50 की जगह 500 लेने का लगाया आरोप

पीड़ित ने बताया कि दवा लाने के लिए बाजार जाते समय जल्दबाजी में मास्क छूट गया था, लेकिन हम चेहरे पर गमछा लपेटे हुए थे. इसी पर दारोगा ने कहा कि गमछा नहीं, बल्कि मास्क लगाकर चलो, तो हमने कहा ठीक है सर गलती हो गई. उसके बाद भी पुलिस ने चालान काट दिया, जिसके बाद हमने 500 का नोट दिया जो पुलिस ने ले लिया, लेकिन 450 रुपए नहीं लौटाए.एसपी के आदेश पर एएसपी ने की मामले की जांच

घटना के बाद प्रखंड प्रमुख द्वारा ने एसपी से मामले की शिकायत की, तब एएसपी अजय कुमार हरनौत पहुंचे और पूरे मामले की जांच की. इस दौरान पीड़ित ने अपनी शर्ट उतारकर एसपी को दिखाया. वारदात के बारे में बताते-बताते वह एएसपी के सामने रो पड़ा. पीड़ित का आरोप है कि प्रमुख द्वारा थानाध्यक्ष को फोन करने के बाद ही मेरी बाइक पुलिस ने वापस की. एएसपी अजय कुमार ने बताया कि पूरी घटनाक्रम की जांच रिपोर्ट एसपी निलेश कुमार को सौंपी जाएगी. उसके बाद दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी.



[ad_2]

Source