[ad_1]

कांग्रेस का कहना है कि रेल लाइन हो या ऑल वेदर रोड बड़ी योजनाओं का शिलान्यास उनकी सरकार में हुआ था.

देहरादून. उत्तराखंड में सरकार का करीब डेढ़ साल का वक्त बचा है. ऐसे में ऋषिकेश रेलवे स्टेशन, टिहरी के डोबरा चांठी पुल, ऑल वेदर रोड जैसे बड़े कामों का लोकार्पण त्रिवेंद्र सरकार अपने हाथों करना चाहती है ताकि इन सबका फायदा उसे 2022 विधानसभा चुनाव में मिल जाए. लेकिन काँग्रेस को यह फ़ैसला रास नहीं आ रहा. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह का कहना है कि रेल लाइन हो या ऑल वेदर रोड बड़ी योजनाओं का शिलान्यास उनकी सरकार में हुआ था. अब बीजेपी उद्घाटन करके क्रेडिट अपने नाम करना चाहती है और यह दिखाना चाहती है सब काम इन्होंने ही किया है.

सैन्य धाम की तैयारी

क्रेडिट को लेकर चल रही इस खींचतान के बीच राज्य सरकार के सरकार के प्रवक्ता मदन कौशिक ने कहा है कि कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में 100 रुपये से लेकर एक हज़ार रुपये में हज़ारों शिलान्यास किए लेकिन कोई प्लानिंग नहीं की. इसलिए काम पूरे होने का क्रेडिट बीजेपी को ही मिलना चाहिए.

अप्रैल 2019 में पीएम मोदी ने चारधाम से अलग उत्तराखंड में पांचवां धाम सैन्य धाम बताया था. उसी सैन्य धाम के लिए देहरादून में ज़मीन तय कर ली गई है. सीएम त्रिवेंद्र रावत ने कहा कि कोरोना की वजह से सैन्य धाम के शिलान्यास में देरी हुई है. अब पंचम धाम के नाम से भव्य शौर्य स्थल बनेगा.

बातें ही बातें, फंड कहां है?

देहरादून के मेयर सुनील उनियाल गामा का कहना है कि प्रधानमंत्री मोदी का बताया हुआ सैन्य धाम देहरादून में बनाने के लिए ज़मीन ढूंढी जा चुकी है. अब इसके लिए पैसे की ज़रूरत है जिसके लिए राज्य सरकार को डिमांड कर दी गई है. पैसा मिलते ही काम शुरु हो जाएगा.

दूसरी ओर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह का कहना है कि सरकार बातें तो खूब कर रही है लेकिन सैन्य धाम के लिए फंड की कोई व्यवस्था नहीं की गई है. वह बीजेपी सरकार को जन भावनाओं से खेलने का आरोप लगाते हैं. प्रीतम सिंह का कहना है कि सरकार को लोगों की भावनाओं से कोई लेना-देना नहीं है. वह भी उस प्रदेश के लोगों की जिसके ज़्यादातर लोगों का ताल्लुक सेना से है.



[ad_2]

Source