[ad_1]

नई दिल्ली.उत्तर प्रदेश स्थित अयोध्या (Ayodhya) में बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) की मौजूदगी में राम मंदिर का शिलान्यास (Ram Mandir Nirmaan) होना है. इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत भी मौजूद होंगे. वहीं इस कार्यक्रम से पहले कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी (Priyanka gandhi vadra) ने बयान जारी किया है. ट्विटर पर एक बयान ट्वीट कर प्रियंका ने कहा कि सरलता, साहस, संयम, त्याग, वचनवद्धता, दीनबंधु राम नाम का सार है. राम सबमें हैं, राम सबके साथ हैं. भगवान राम और माता सीता के संदेश और उनकी कृपा के साथ रामलला के मंदिर के भूमिपूजन का कार्यक्रम राष्ट्रीय एकता, बंधुत्व और सांस्कृतिक समागम का अवसर बने.

प्रियंका ने कहा कि ‘दुनिया और भारतीय उपमहाद्वीप की संस्कृति में रामायण की गहरी और अमिट छाप है. भगवान राम, माता सीता और रामायण की गाथा हजारों वर्षों से हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक स्मृतियों में प्रकाशपुंज की तरह आलोकित है भारतीय मनीषा रामायण के प्रसंगों से धर्म, नीति, कर्तव्यपरायणता, त्याग, उदारता, प्रेम, पराक्रम और सेवा की प्रेरणा पाती रही है. उत्तर से दक्षिण, पूरब से पश्चिम तक रामकथा अनेक रूपों में स्वयं को अभिव्यक्त करती चली आ रही है. श्रीहरि के अनगिनत रूपों की तरह ही राम कथा हरि कथा अनंता है.’

बयान में प्रियंका ने कहा, युग-युगांतर से भगवान राम का चरित्र भारतीय भूभाग में मानवता को जोड़ने का सूत्र रही है. भगवान राम आश्रय हैं और त्याग भी. राम सबरी के हैं, सुग्रीव के भी. राम वाल्मीकि के हैं और भास के भी. राम कंबन के हैं और एषुत्तच्छन के भी. राम कबीर के हैं, तुलसीदास के हैं, रैदास के हैं सबके दाता राम हैं गांधी के रघुपति राघव राजा राम सबको सम्मति देने वाले हैं. वारिस अली शाह कहते हैं जो रब है वही राम है.’

‘सांस्कृतिक समागम का कार्यक्रम बने भूमिपूजन, जय सियाराम’
प्रियंका ने कहा कि ‘राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त राम को ‘निर्बल का बल कहते हैं. तो महाप्राण निराला ‘वह एक और मन रहा राम का जो न चीका की कालजयी पंक्तियों से भगवान राम को शक्ति की मौलिक कल्पना कहते हैं. राम साहस हैं, राम संगम हैं, राम संयम हैं, राम सहयोगी हैं. राम सबके हैं. भगवान राम सबका कल्याण चाहते हैं. इसीलिए वे मर्यादा पुरुषोत्तम हैं.’

बयान के आखिरी में प्रियंका ने कहा कि ‘आगामी 5 अगस्त, 2020 को रामलला के मंदिर के भूमिपूजन का कार्यक्रम रखा गया है. भगवान राम की कृपा से यह कार्यक्रम उनके संदेश को प्रसारित करने वाला राष्ट्रीय एकता, बंधुत्व और सांस्कृतिक समागम का कार्यक्रम बने. जय सियाराम.’

वहीं कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने भी देशवासियों को भूमिपूजन की शुभकामनाएं दीं. तिवारी ने लिखा- ‘रघुपति राघव राजाराम,पतित पावन सीताराम सीताराम सीताराम,भज प्यारे तू सीताराम ईश्वर अल्लाह तेरो नाम, सब को सन्मति दे भगवान. राम मंदिर के भूमी पूजन पे सभी देश वासियों को और सभी श्रद्धालुओं को कोटी कोटी बधाई.’



[ad_2]

Source