[ad_1]

आजमगढ़ में दो पक्षों के बीच मारपीट (Fight) के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम (Police) पर पथराव किया गया. इस घटना में पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई

आजमगढ़. उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ (Azamgarh) जिले के रौनापार थानाक्षेत्र में केवटहिया और बनहरा गांव के युवक मामूली विवाद के बाद आपस में उलझ गये. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चलने लगे. इस घटना में पांच लोग घायल (Injured) हो गए. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, तो एक पक्ष के लोगों ने पुलिस (Police) के वाहन पर ही पथराव शुरू कर दिया. जिससे पुलिस की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गयी. पुलिस टीम पर पथराव की सूचना पर मौके पर पहुंचे एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ और सीओ सदर मोहम्मद अकमल खां ने किसी तरह मामले को शांत कराया. गांव में दो थानों की पुलिस तैनात कर दी गई है.

घटना में दोनों पक्षों के 5 लोग घायल 

रौनापार थानाक्षेत्र के सैदौली, गड़थौली, बुढ़ानपुर, केवटहिया और बनहरा गांव सड़क के किनारे स्थित हैं. एक गांव सड़क की एक तरफ और दूसरा गांव सड़क की दूसरी तरफ है. शुक्रवार की शाम केवटहिया गांव का एक युवक शौच के लिए निकला था. इसी दौरान बनहरा गांव के एक युवक से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया. वहां उपस्थित लोगों ने समझा बुझाकर मामले को शांत करा दिया. फिर अचानक शनिवार को दोनों गांव के युवक आमने-सामने हो गए. और दोनों पक्ष में जमकर मारपीट हुई. दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और पत्थर चले. इस घटना में एक पक्ष से राजेन्द्र निषाद और उसके बेटे राहुल निषाद, रवि निषाद घायल हो गए. वहीं दूसरे पक्ष से सौरभ सिंह व एक अन्य युवक घायल हो गए.

एसपी ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया दोनों पक्षों के बीच पथराव की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. लेकिन पुलिस को देखते ही आक्रोशित एक पक्ष के लोगों ने पुलिस के वाहन पर पथराव शुरू कर दिया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया. पुलिस पर हमसे की जानकारी पर रौनापार थाना और बिलरियागंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. बाद में एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ व प्रभारी सीओ सदर अकमल खां मौके पर भारी संख्या में फोर्स के साथ पहुंचे. और घंटों मशक्कत के बाद मामले को शांत कराया. गांव में तनाव को देखते हुए दो थानों की पुलिस को तैनात किया गया है.

एसपी ग्रामीण सिद्धार्थ ने कहा कि पथराव करने वालों को चिह्नित कर उनके विरूद्ध कार्रवाई की जाएगी. घटना के संबंध में किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है. तहरीर मिलते ही कार्रवाई की जाएगी. तनाव को देखते हुए गांव में पुलिसबल की तैनाती की गई है.



[ad_2]

Source