[ad_1]

मायावती (Mayawati) ने कहा कि वे चार बार यूपी की मुख्यमंत्री रही हैं. अगर प्रदेश के मुख्यमंत्री स्थिति को बेहतर करना चाहते हैं तो उन्हें बिना किसी झिझक बसपा शासनकाल से सीखना चाहिए.

लखनऊ. उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की कानून व्यवस्था (Law And Order) को लेकर बसपा सुप्रीमो मायावती (BSP Supremo Mayawati)  ने सूबे की योगी सरकार (Yogi Government) पर निशाना साधा है. उन्होंने मंगलवार को दिल्ली में एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि आज प्रदेश में बदमाशों और अपराधियों का राज है. आज कोई भी सुरक्षित नहीं है. यहां तक कि मुख्यमंत्री के अपने शहर गोरखपुर में क़ानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है. मायावती ने कहा कि वे चार बार यूपी की मुख्यमंत्री रही हैं. प्रदेश की मौजूदा सरकार को उनके शासन काल से सीख लेनी चाहिए.

मायावती ने कहा, ” आज प्रदेश में कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है. आज प्रदेश में सरकार नहीं बल्कि अपराधियों का राज है. हत्या, डकैती, लूट, अपहरण और महिलाओं के साथ गैंगरेप व अपराध की घटनाएं लगातार हो रही हैं. अगर प्रदेश के मुख्यमंत्री स्थिति को बेहतर करना चाहते हैं तो उन्हें बिना किसी झिझक बसपा शासनकाल से सीखना चाहिए. मैंने प्रदेश में चार बार शासन किया है. उस दौरान प्रदेश की कानून व्यवस्था स्थिर थी.”

गहलोत सरकार को सबक सिखाने की कही बात

इस्तना ही नहीं मायावती ने राजस्थान (Rajasthan) के राजनीतिक संकट पर मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत पर करारा हमला बोला. उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार को सबक सिखाया जाएगा. अपने 6 विधायकों के लिए व्हिप जारी करते हुए मायावती ने कहा कि सभी विधायक कांग्रेस सरकार के खिलाफ वोट करेंगे. उन्होंने गहलोत सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद बीएसपी ने बिना शर्त कांग्रेस को समर्थन दिया, लेकिन बदनीयती से सभी विधायकों का विलय करवा लिया गया.

मंगलवार को मीडिया से बात करते हुए मायावती ने कहा, ‘राजस्थान चुनाव का नतीजा आने के बाद बीएसपी ने कांग्रेस को बिना शर्त के समर्थन दिया था. दुख की बात है की गहलोत ने सीएम बनने के बाद बदनीयती से बीएसपी को राजस्थान में क्षति पहुंचाने के लिये विलय करने की गैरकानूनी कार्रवाई की. यही कृत्य पिछली सरकार में भी किया गया था. बीएसपी को बार-बार धोखा दिया गया है. गहलोत को सबक सिखाया जा सकता है. इस मामले को ठंडा नहीं होने दिया जाएगा और मामले को सुप्रीम कोर्ट तक ले जाएंगे. कांग्रेस जो गैरसंवैधानिक काम कर रही है, उसे सुप्रीम कोर्ट ले जाएंगे.’



[ad_2]

Source