[ad_1]

यूपी कांग्रेस ने संगठन में बदलाव करते हुए मोहित पांडे को सोशल मीडिया विभाग का चेयर पर्सन नियुक्त किया है. उनकी मदद के लिए विभाग में 6 अन्य सदस्यों की भी नियुक्ति की गई है.

लखनऊ. उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों को देखते हुए कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. इसके तहत सबसे पहले संगठन में बदलाव की प्रक्रिया शुरू हुई है. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विधानसभा चुनाव में पार्टी को सोशल मीडिया के प्लेटफॉर्म पर मजबूती देने के लिए कांग्रेस ने संगठन में व्यापक बदलाव किया है. इसके तहत पार्टी ने सोशल मीडिया विभाग (Congress Social Media) में भी नई नियुक्तियां कर दी हैं. बदलाव के तहत मोहित पांडे को सोशल मीडिया का चेयरपर्सन बनाया गया है. उनके सहयोग के लिए 6 सदस्यों की टीम की भी नियुक्ति की गई है. कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू (Ajay Kumar Lallu) की अनुशंसा पर एआईसीसी ने इन नियुक्तियों को मंजूरी दे दी है.

उत्तर प्रदेश प्रभारी राष्ट्रीय समन्वयक रुचिरा चतुर्वेदी ने बताया कि हमने ‘स्पीक अप इंडिया’ जैसे राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के द्वारा उत्तर प्रदेश की आम जनता के मुद्दों को केंद्र एवं प्रदेश की सरकार तक पहुंचाने का काम किया है. आगे भी इसी प्रकार के कार्यक्रम चलते रहेंगे. चेयर पर्सन मोहित पांडे के अनुसार देश में व्याप्त COVID-19 संकट के चलते सोशल मीडिया के माध्यम से आम जनता तक पहुंच बनाना जरूरी है. इसके लिए हमने सोशल मीडिया के प्रत्येक माध्यम का उपयोग करते हुए संगठन के कार्यों को जनता तक पहुंचाना शुरू किया है.

बुंदेलखंड का प्रभार देख रहे स्टेट कोऑर्डिनेटर रनीश जैन के अनुसार बुंदेलखंड में पलायन, जलसंकट, रोजगार, कृषक और मजदूरों की समस्या को समस्या को देखते हुए स्थानीय संपर्क के माध्यम से सूचना जुटाकर सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार को जगाने का काम लगातार किया जाएगा. इसी तरह पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रभारी रहे स्टेट कोऑर्डिनेटर अनुज शुक्ला के अनुसार इस क्षेत्र में व्याप्त अराजकता, गरीबी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दों को उठाकर सरकार को लगातार आगाह किया जाएगा.

माना तो यह जा रहा है के मुख्य विपक्ष के रूप में उत्तर प्रदेश में उभरी कांग्रेस सोशल मीडिया को तेज धार देकर चुनावी दौड़ में आगे रहना चाहती है. इसलिए ही संगठन में बदलाव की कवायद शुरू की गई है. पार्टी की मंशा है कि सोशल मीडिया के प्लेटफॉर्म पर भी राज्य सरकार को बराबर की टक्कर दी जा सके.



[ad_2]

Source